कर्त्तव्य पथ पर उत्तराखंड की पारम्परिक वेशभूषा का प्रदर्शन। 

कर्त्तव्य पथ पर उत्तराखंड की पारम्परिक वेशभूषा का प्रदर्शन। 

Republic Day India 2024 – भारत का 75वां गणतंत्र दिवस आज पूरे देश में बड़े हर्षोल्लाष के साथ मनाया गया। कर्त्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परेड की सलामी ली। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सेना के तीनों अंगों के प्रमुखों के साथ वॉर मेमोरियल जाकर देश के लिए मर मिटने वाले सभी जांबाजों को श्रद्धांजलि दी।

भारत के 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ बग्गी में बैठकर कर्त्तव्य पथ तक पहुंचे। पहली बार गणतंत्र दिवस परेड की शुरुवात शंख ध्वनि और भारतीय संगीत वाद्य यंत्रों के साथ 100 महिला कलाकारों द्वारा किया गया। यहाँ फ्रांसीसी वायु सेना के दो राफेल लड़ाकू जेट फ्लाई-पास्ट में शामिल हुए। कर्त्तव्य पथ हर वर्ष की भांति देश के विभिन्न राज्यों, विभागों की झांकियां प्रदर्शित की गई।

गणतंत्र दिवस परेड में कर्त्तव्य पथ पर ‘अनंत सूत्र’ कार्यक्रम के अंतर्गत देश के 1900 से अधिक साड़ियां प्रदर्शित की गई। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार ‘अनंत सूत्र’ साड़ी के प्रति सम्मान को समर्पित है। ये साड़ी फैशन जगत को भारत का शानदार उपहार है। कर्तव्य पथ पर लगभग 1,900 साड़ियां लकड़ी के फ्रेम में ऊंचाई पर लगायी गयी थीं। इसमें क्यूआर कोड भी दर्शाए गए थे जिन्हें स्कैन करके बुनाई और कढ़ाई के बारे में जानकारी एकत्र की जा सकती थी। ये प्रदर्शनी बुनकरों और कलाकारों की कला को प्रदर्शित करने के लिए लगाई गई थी। इसमें एक साड़ी 150 वर्ष पुरानी थी।

कर्त्तव्य पथ पर उत्तराखंड की पारम्परिक वेशभूषा का प्रदर्शन

अनंत सूत्र कार्यक्रम के अंतर्गत कर्त्तव्य पथ पर अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित राज्यों की विभिन्न साड़ियां फ्रेम में प्रदर्शित थी, वहीं यहाँ उत्तराखंड की महिलाओं की पारम्परिक वेशभूषा देखने को मिली। पिछौड़ा, नथ, गलोबन्द, बुलाक से सजी पहाड़ की महिलाओं ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया।कर्त्तव्य पथ पर भारत सरकार के ‘अनंत सूत्र’ कार्यक्रम में उत्तराखण्ड प्रवासी महिला दल ने उत्तराखण्ड के गढ़वाल, कुमाऊं व जौनसार की पारंपरिक वेशभूषा में प्रतिभाग करते हुए लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया।

गणतंत्र दिवस के महिला दल में जया राणा, यशोदा घिल्डियाल, संतोष बड़ोनी, सुरेशी दानू और संयोगिता ध्यानी शामिल रहीं। दल की समस्त महिलाओं ने परेड में आमंत्रित करने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।

यहाँ भी पढ़ें – ‘विकसित उत्तराखंड’ की थीम पर दिखाई देगी उत्तराखंड की झांकी।  – Hills Live

Leave a Comment