मुख्यमंत्री धामी लखनऊ में, योगी से की भेंट, उत्तराखंड महोत्सव -2023 का किया शुभारम्भ।

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami met with Yogi

आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दौरे पर रहे। वे यहाँ उत्तराखंड महापरिषद लखनऊ के हीरक जयंती समारोह ‘उत्तराखंड महोत्सव 2023’ के उद्घाटन हेतु आमंत्रित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने प्रभु बदरी विशाल जी की प्रतिमा और प्रदेश में उत्पादित श्रीअन्न से बने उत्पाद उपहार स्वरूप प्रदान किए।

गंग नहर से 665 क्यूसेक जल सिंचाई हेतु उत्तराखण्ड को मिले – मुख्यमंत्री धामी

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री धामी ने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से जनपद हरिद्वार के असिंचित क्षेत्रों हेतु गंग नहर से 665 क्यूसेक जल सिंचाई हेतु उत्तराखण्ड राज्य को उपलब्ध कराये जाने का पुनः अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री श्री धामी कहा कि जनपद हरिद्वार के तीन विकासखण्डों के 74 गांवों की 18280 हैक्टेयर असिंचित भूमि में सिंचाई सुविधा प्रदान करने हेतु 35 कि0मी0 लम्बी इकबालपुर नहर प्रणाली तथा कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार किया जाना प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से उत्तराखण्ड राज्य की प्रस्तावित सिंचाई योजनाओं हेतु 665 क्यूसेक पानी की आपूर्ति उत्तरी गंग नहर से किये जाने के सम्बन्ध में स्वीकृति प्रदान किये जाने का अनुरोध किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड एवं उत्तर प्रदेश राज्य के मध्य आस्तियों एवं दायित्वों के विभाजन के सम्बन्ध में भी चर्चा की। उन्होंने अनुरोध किया कि जिन परिसम्पत्तियों के उत्तराखण्ड राज्य को हस्तान्तरण पर सहमति हो गयी है, उनके हस्तान्तरण के लिये शीघ्र शासनादेश निर्गत किया जाए।

उत्तराखंड महोत्सव 2023 का धामी ने किया शुभारम्भ

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित ‘उत्तराखण्ड महोत्सव-2023’ का शुभारम्भ आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित करके किया। उन्होंने महापरिषद द्वारा आयोजित इस विशाल महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें आजअनुभव हुआ है उन्होंने देश के सबसे बड़े प्रदेश की राजधानी में पूरा उत्तराखंड ला दिया है। आप लोग जिस तरह से अपनी माटी, अपनी संस्कृति, अपनी परम्पराओं से जुड़े हैं आप अपनी आने वाली पीढ़ी को अपने जड़ों से जोड़ रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन अपनी संस्कृति को जानने तथा इसे देश व दुनिया तक पहुंचाने का बेहतरीन माध्यम हैं

उत्तराखंड महापरिषद लखनऊ मना रहा है हीरक जयंती वर्ष

लखनऊ की प्राचीन एवं गौरवमयी संस्था उत्तराखंड महापरिषद लखनऊ द्वारा आयोजित उत्तराखंड महोत्सव -2023 इस बार विशेष है। जिस प्रकार देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण कर अमृत काल मे प्रवेश कर अनेक आयोजन कर रहा है उसी प्रकार यह वर्ष उत्तराखंड महापरिषद के लिए भी अमृत काल है। क्योंकि उत्तराखंड महापरिषद ने भी अपनी स्थापना सह सफलता के 75 वर्ष जून 2023 को पूर्ण कर लिए हैं।

देवभूमि गीत-संगीत से सजेंगी अवध नगरी

10 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव 2023 में अवध की नगरी उत्तराखंडीमय, देवभूमि गीत-संगीत से सजेंगी। यहाँ डांस उत्तराखंड डांस में 12 टीमों के 120 से भी ज्यादा कलाकार 120 गढ़वाली, कुमाऊनी एवं जौनसारी गानों में शानदार प्रस्तुति देंगे , “वॉइस ऑफ उत्तराखंड” कार्यक्रम के तहत 20 से भी अधिक कलाकार अपने मधुर आवाज से उत्तराखंड के 70 से भी ज़्यादा गानों को स्वर देंगे, 350 से भी ज्यादा की संख्या में मातृशक्ति अपने झोड़ों की प्रस्तुति से गोमती तट गुंजायमान होगी। स्टार नाइट महोत्सव का सबसे विशेष आकर्षण, विभिन्न संस्कृतियों का समागम होगा , 200 स्टालों में उत्तराखंड व अन्य जगहों की वस्तुओं, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।

लखनऊ -देहरादून के बीच चले वंदे भारत एक्सप्रेस

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज लखनऊ में पर्वतीय महापरिषद, लखनऊ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर लखनऊ-देहरादून के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे शीघ्र इस मामले में रेल मंत्री से वार्ता करेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने देखी तेजस

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के साथ तेजस फिल्म देखी। इस दौरान फिल्म की मुख्य अभिनेत्री कंगना रनौत भी मौजूद रही।

Leave a Comment