Bageshwar News: 12 दिसंबर को मनाया जायेगा गढ़िया बग्वाल, तैयारियां शुरू।

Bageshwar News: 12 दिसंबर को मनाया जायेगा गढ़िया बग्वाल, तैयारियां शुरू।

Bageshwar News : जिले के कपकोट तहसील स्थित विभिन्न गांवों में हर वर्ष मार्गशीर्ष महीने की अमावश्या को मनाया जाने वाले ‘गढ़िया बग्वाल’ महोत्सव की तैयारियां चरम पर हैं। इस वर्ष मंगलवार दिनांक 12 दिसंबर 2023 को यह महोत्सव पूर्व की भांति राजकीय इंटर कॉलेज पोथिंग के खेल मैदान में मनाया जाएगा। जिसका विधिवत शुभारम्भ करीब 11 बजे होगा, दिन में झोड़ा -चांचरी का आयोजन, विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। रात को विभिन्न जगहों से आये कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। Gariya Bagwal 2023

कपकोट तहसील के पोथिंग गांव में करीब 400 वर्षों से गढ़िया रजवाड़ों द्वारा मार्गशीर्ष महीने की अमावश्या  तिथि को बग्वाल के तौर पर एक त्यौहार मनाया जाता है , जिसे स्थानीय लोग गढ़िया बग्वाल के नाम से जानते हैं। इस बग्वाल में गौ-वंश की पूजा की परम्परा है। अपने सभी कृषि कार्यों को पूर्ण कर , अन्न को कुठार-भण्डार में रखकर बड़े फुर्सत के साथ इस मंगसीर की बग्वाल को मनाते हैं। अन्य त्यौहारों की तरह ही गढ़िया बग्वाल पर्व में लोग अपने लोक पकवानों को बनाते हैं। इस त्यौहार पर अनिवार्य रूप से अपनी विवाहित बेटी अथवा बहन को अनिवार्य रूप से मायके बुलाया जाता है।

गढ़िया रजवाड़ों के मूल गांव पोथिंग में कुछ वर्षों से उत्साही युवाओं के सहयोग से गढ़िया बग्वाल पर्व अब सामूहिक रूप से भी मनाया जाने लगा है। जिसमें क्षेत्र के सभी लोग अपनी सहभागिता करते हैं। दिन में गांव के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति को ढोल – नगाड़ों की थाप पर आयोजन स्थल तक लाया जाता है। उनके द्वारा अपने ईष्ट देवों और पितरों का पूजन कर महोत्सव का विधिवत शुभारम्भ किया जाता है।

गढ़िया बग्वाल महोत्सव के अध्यक्ष दरवान सिंह गढ़िया ने बताया कि गांव के युवा वर्ग  विभिन्न गांवों में जाकर अपने बिरादरों और  ईष्ट-मित्रों को 12 दिसंबर को आयोजित होने वाले गढ़िया बग्वाल महोत्सव का आमंत्रण दे रहे हैं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गढ़िया बग्वाल महोत्सव को भव्य रूप दिया जायेगा। यहाँ दिन में चांचरी, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। रात को विभिन्न जगहों से आये लोक कलाकार अपने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

Leave a Comment