Bageshwar News : अब पुड़कुनी गांव में भी उगेगी कीवी।  

bageshwar news

Bageshwar News : बागेश्वर जिले में कीवी उत्पादन के लिए अनुकूल जलवायु है। यहाँ के किसानों पर्याप्त मात्रा में कीवी का उत्पादन कर अपनी आर्थिकी को मजबूत किया है। इसका उदाहरण लीती और इसके आसपास के किसान हैं जो इस क्षेत्र को कीवी हब के रूप में विख्यात कर चुके हैं। इस फल के उत्पादन में सकारात्मक परिणाम देखते हुए अब अन्य स्थानों में भी इस खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिसके तहत जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने पुड़कुनी गांव में काश्तकार रतन सिंह के खेत में कीवी के पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रशासन व सरकार द्वारा हरसंभव मदद की जा रही है।

पुड़कुनी गांव में रोपित किये गए कीवी के पौधे

जिलाधिकारी अनुराधा पाल सोमवार को पुड़कुनी गांव पहुंची, वहां उन्होंने उद्यान विभाग की योजना के तहत विकसित किए जा रहे किवी की खेती की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने काश्तकार रतन सिंह द्वारा अपनी बंजर भूमि पर लगाई जा रही कीवी की फसल का शुभारंभ करते हुए 133 कीवी के पौधे रोपित किए। उन्होंने उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि वे पौधे विकसित होने तक काश्तकार को हरसंभव मदद करें।

बागेश्वर की कीवी की देशभर में मांग

उन्होंने कहा कि जनपद में उत्पादित कीवी की देश भर में काफी मांग है, क्योंकि यहां की जलवायु कीवी के लिए पूर्ण रूप से अनुकूल है। कहा कि पूर्व में शामा, लीती व अन्य स्थानों में कीवी की फसल की सफलता के बाद अब पुड़कुनी में इसकी खेती करने का लक्ष्य किया जा रहा है। जिसके तहत पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कीवी को जंगली जानवरों से कोई खतरा नहीं है, जिससे किसान भी इस खेती में रूचि दिखा रहे हैं तथा उद्यान विभाग के माध्यम से इसे बढावा दिया जा रहा है।

उन्होंने इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा भी जनपद में अधिक से अधिक कीवी उत्पादन करने को कहा है। जिसके निर्देश के क्रम में इसके लिए सब्सिडी भी दी जा रही है। इससे पूर्व जिलाधिकारी के गांव पहुँचने पर ग्रामीणों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया व पारंपरिक परिधान पिछौड़ा भेंट किया।

यहाँ भी पढ़ें : Coke Studio Bharat में कमला देवी के राजुला मालूशाही, न्योली लोकगीत। (hillslive.in)

जिला उद्यानअधिकारी आरके सिंह ने बताया कि पुड़कुनी के काश्तकार रतन सिंह 20 नाली बंजर भूमि पर हैवार्ड, ब्रूनो, एलीसन व मोंटी के 133 पौधे रोपित किए गए हैं। बताया कि वर्तमान में जनपद में प्रति फसल लगभग 10 मिट्रिक टन किवी की डिमांड है। विभाग द्वारा किसानों को कीवी की खेती करने के किए प्रेरित करने के साथ ही हर संभव मदद की जा रही है।

Leave a Comment